झांसी। यहां एक आरोपी को पकड़ने गए दो सिपाहियों की गांव के महिलाओं-बच्चों ने जमकर पिटाई कर दी। पुलिसवालों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। उनकी बाइक भी तोड़ दी। इन सिपाहियों की पिटाई से आरोपी बेहोश हो गया था। इसी पर गांव वाले भड़क गए थे।
मामला झांसी से करीब 80 किलोमीटर दूर गुरसराय के सिंगार गांव का है। यहां रहने वाले करण अहिरवार के खिलाफ उसी की बहन ने पारिवारिक विवाद को लेकर थाने में शिकायत की। इस पर दो सिपाही करण को पकड़ने के लिए उसके घर पहुंचे। करण ने कारण पूछा और दोषी नहीं होने पर पुलिसवालों के साथ जाने से इनकार कर दिया। इस पर सिपाहियों ने मारपीट शुरू कर दी। दोनों ने उसे इतना पीटा कि वह बेहोश हो गया।
गांव के लोग भड़के
करण को बेहोश देख गांव के लोग भड़क गए और सिपाहियों पर हमला कर दिया। सिपाहियों ने बाइक से भागने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने पत्थर मारकर उन्हें गिरा दिया। इसके बाद महिलाओं ने उन्हें कॉलर पकड़ कर खींचते हुए पीटा और ईंटों से मारा। हमले में बच्चे भी शामिल थे। दोनों सिपाहियों को गंभीर चोटें आई हैं।