पणजी। नाबालिग लड़की को बंधक बनाकर कई बार रेप करने के आरोप में अरेस्ट हुए कांग्रेस के पूर्व मंत्री एवं बर्खास्त विधायक अटानेसिओ मोंसरेट ने लड़की को 50 लाख में खरीदा था। फिर उसे बंधक बनाया और कई बार रेप किया। यह सौदा पीड़िता की सौतेली मां एवं एक अन्य व्यक्ति ने मिलकर किया था। ऐसा बयान पीड़िता की ओर से आया है।
पुलिस ने बुधवार को उनके खिलाफ पोस्को और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पीड़िता की सौतेली मां के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि मार्च माह में खरीदने के बाद विधायक ने उसे बंधक बना कर रखा और कई बार दुष्कर्म किया।
बुधवार को जब राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री मोंसरेट के खिलाफ मामला दर्ज किया गया तब वह प्रदेश से बाहर थे। अपराध शाखा के दफ्तर के बाहर मीडिया से बातचीत में मोंसरेट ने कहा, उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है। उनके खिलाफ की गई शिकायत पूरी तरह झूठी है। निश्चित रूप से यह सब राजनीति के चलते हुआ है। मोंसरेट को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते कांग्र्रेस पहले ही निकाल चुकी है।