नईदिल्ली। शनिवार को ओ ब्राइन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के भाषण की दो वीडियो और चार तस्वीरें दिखाई थीं। इनमें एक तस्वीर वह भी शामिल थी, जिसमें गृहमंत्री राजनाथ सिंह पूर्व सीपीएम महासचिव प्रकाश करात को लड्डू खिलाते हुए दिख रहे हैं। लेकिन यह तस्वीर ‘फर्जी’ निकली।
बाद में भाजपा ने असली तस्वीर जारी की, जिसमें पीएम मोदी को राजनाथ सिंह लड्डू खिलाते नजर आ रहे हैं। ओ ब्राइन की यह प्रेस कॉन्फ्रेंस कांग्रेस के उस हमले के जवाब में की गई थी, जिसमें कांग्रेस ने साल 2011 की एक वीडियो दिखाई थी। इस वीडियो में सीएम ममता बनर्जी भाजपा को टीएमसी का ‘एक स्वाभाविक सहयोगी’ बता रही हैं। राहुल ने शनिवार को दो रैलियों में भी ममता पर निशाना साधा था।
टीएमसी ने अपनी वेबसाइट से तस्वीर हटाते हुए ट्विटर पर अपनी गलती स्वीकार की है और ओ ब्राइन ने भी अपनी गलती फेसबुक पर स्वीकारी है। एक टीएमसी नेता ने बताया कि ममता ने खुद वह तस्वीर हटाने के लिए कहा है। सीपीएम के मोहम्मद सलीम ने उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की धमकी दी है। वहीं भाजपा नेशनल सेक्रेट्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने भी कानूनी कार्रवाई करने की बात कही।
