अजमेर। मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के तहत आज तारागढ़ दुर्ग पर स्थित ऐतिहासिक कर्बला बावड़ी में जिला प्रशासन की ओर से श्रमदान किया गया। कलेक्टर डाॅ. आरुषि मलिक के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बावड़ी के घाट एवं पानी के आसपास सालों से जमा कचरे एवं गंदगी को हटाकर बाहर फेंका।
कौन-कौन रहे मौजूद
यह सफाई अभियान निरंतर जारी रहेगा। जिला कलक्टर डाॅ. आरुषि मलिक के नेतृत्व में जिला प्रशासन, कलेक्ट्रेट, जिला परिषद, नगर निगम एवं वाटर शैड विभाग की टीम सुबह तारागढ़ स्थित बावड़ी पर पहुंची। अतिरिक्त जिला कलेक्टर किशोर कुमार, अतिरिक्त जिला कलेक्टर शहर राधेश्याम मीना, उपखंड अधिकारी हीरालाल मीना, नगर निगम आयुक्त गजेंद्र सिंह रलावता एवं शरद गेमावत आदि के नेतृत्व में कर्मचारियों ने अलग-अलग घाटों पर टीम बनाकर सफाई शुरू की।
बावड़ी की स्थिति में होगा सुधार
अधिकारियों व कर्मचारियों की ओर से किए गए श्रमदान से कुछ ही घंटों में घाटों पर जमा सालों का कचरा और गंदगी साफ हो गई। हाथों में गैंती, फावड़ा और तगारी लिए अधिकारी व कर्मचारी पूरे मनोयोग से जुटे रहे। कलेक्टर डाॅ. मलिक ने बताया कि बावड़ी का यह सफाई अभियान जारी रहेगा। तारागढ़ दुर्ग स्थित कर्बला बावड़ी पिछले कई दशकों से सफाई के अभाव में कूड़े का ढेर बन गई थी। बावड़ी में घाटों और पानी में लंबे समय से कचरा फेंके जाने और मिट्टी ढहने से इसके अस्तित्व पर संकट खड़ा हो गया था। अब जिला प्रशासन की ओर से सुध लिए जाने के बाद बावड़ी की स्थिति में सुधार होगा।
