भोपाल। पेटलावद विस्फोट के मुख्य आरोपी राजेंद्र कांसवा को आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) कार्यकर्ता बताने और पथ संचलन करते फोटो जारी करने के मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को नोटिस थमाए हैं। पेटलावद थाने से हेड कांस्टेबल दिलीप रघुवंशी ने भोपाल में मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय आकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव, मुख्य प्रवक्ता केके मिश्रा और स्थायी सचिव संजय श्रीवास्तव के नाम सूचना पत्र दिया।
पुलिस ने आरोपों के प्रमाण कांग्रेस नेताओं से मांगे हैं। केके मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने आरोपों के संबंध में प्रमाण मांगे हैं, जो जल्द ही मुहैया करा दिए जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में 14 सितंबर 2015 को पत्रकारवार्ता कर कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया था कि कांसवा संघ का कार्यकर्ता है और उसे बचाया जा रहा है।
कांसवा का भाई बीजेपी के व्यापार प्रकोष्ठ का जिला पदाधिकारी है। कांग्रेस ने फोटो जारी कर दावा किया था कि पंथ संचलन कर रहा व्यक्ति राजेंद्र कांसवा का है। संघ कार्यकर्ता बालकृष्ण सोनी ने इन आरोपों को लेकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। जांच शुरू करते हुए पेटलावद पुलिस ने सांसद कांतिलाल भूरिया को पहले ही नोटिस दे दिया था।