भोपाल। स्टेशन बजरिया इलाके में एक व्यक्ति अपनी किराएदार का तीन साल से शारीरिक शोषण कर रहा था। महिला द्वारा मकान खाली करने पर वह उसका अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर परेशान करता था। उसने मंगलवार को महिला की अश्लील क्लीपिंग वाली पेन ड्राइव उसकी बेटी को थमा दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया है।
स्टेशन बजरिया पुलिस के मुताबिक तीन साल पहले 35 वर्षीय महिला परिवार के साथ नवबहार कॉलोनी में किराए के मकान में रहती थी। धोखे से मकान मालिक ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया था। उसे सार्वजनिक करने की धमकी देकर वह उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। साथ ही उसकी जवान बेटी पर भी बुरी नजर रखने लगा।
परेशान होकर महिला ने उसका मकान खाली कर दूसरी जगह किराए से रहने लगी, लेकिन वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर सताने लगा। वह उसे दूसरे किसी भी स्थान पर बुलाकर उससे दुष्कर्म करता था। मंगलवार को महिला की बेटी शाकिर अली अस्पताल जा रही थी।
उसे रास्ते में रोककर आरोपी ने एक पेन ड्राइव थमा दी। बेटी ने जब पेन ड्राइव देखी तो उसमें मां के अश्लील फोटो मिले। उसने मां को घटना की जानकारी दी। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शकील खान के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार है।