नईदिल्ली। जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार को गोली मारने वाले को 11 लाख रुपये देने का एलान करने वाले पूर्वांचल सेना अध्यक्ष आदर्श शर्मा के खाते में केवल 150 रुपये है। पुलिस जांच के अनुसार आदर्श शर्मा ने कई महीनों से मकान किराया भी नहीं चुकाया है। आदर्श शर्मा अभी फरार हैं। बिहार के बेगुसराय के रहने वाले आदर्श शर्मा की तलाश में पुलिस ने कई जगहों पर छापे मारे हैं। पुलिस के अनुसार वह छोटे मोटे काम कराने के बदले लोगों से 100-150 रुपये मांगता रहता है। कई दोस्तों का भी उस पर उधार चल रहा है।
इससे पहले उत्तर प्रदेश के बदायूं में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के अध्यक्ष कुलदीप वार्ष्णेय ने जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार की जीभ काटने वाले को 5 लाख का इनाम देने का एलान किया था। इसके बाद कुलदीप को पार्टी से निकाल दिया गया था। वहीं आदर्श शर्मा के बैंक खाते की जानकारी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर ‘150 रुपये’ के नाम से ट्रैंड चल पड़ा।