इंदौर। प्रदेश सरकार के बजट में सभी वर्गों को सौगात दी गई है। सरकारी कर्मचारी कभी संतुष्ट नहीं होते। उनकी एक अलग भाषा होती है। कभी उनके मन के अनुकूल नहीं होता तो वे विरोध करते हैं। यह बात प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार चौहान ने शुक्रवार को पत्रकारवार्ता में कही।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के रेल बजट में प्रदेश को पहली बार बड़ी सौगातें मिली हैं। 17 हजार करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट मंजूर किए गए हैं। नई रेल परियोजनाओं से प्रदेश के विकास को गति मिलेगी। प्रदेश सरकार की आर्थिक स्थिति से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार की आर्थिक स्थिति ठीक है। विकास के लिए कर्ज लेना जरूरी होता है, लेकिन ऐसी स्थिति नहीं है कि कर्मचारियों की तनख्वाह नहीं बंट पा रही है या किसी बैंकिंग संस्थान की देनदारी हो। ऐसा भी नहीं है कि रोजमर्रा के खर्च का पैसा प्रदेश सरकार के पास न हो। बजट में टैक्स की बढ़ोत्री के सवाल पर उन्होंने कहा कि विकास के लिए टैक्स जरूरी है।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा स्मृति ईरानी के कांग्रेस में शामिल होने की बात पर वे बोले कि उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। सिंह को जो बुरे सपने आते हैं वे बोल देते हैं। उनके पास कुछ प्रमाण नहीं रहते हैं।