भोपाल। पशुपालन, विधि मंत्री कुसुम मेहदेले को भाजपा संगठन महामंत्री अरविंद मेनन से मिलने के लिए दो घंटे उनके कक्ष के बाहर इंतजार करना पड़ा। यह वाकया शुक्रवार दोपहर का है। मेहदेले एक शादी कार्यक्रम की जानकारी देने और संगठन चुनाव के सिलसिले में मेनन से मिलने दोपहर ढाई बजे के बाद भाजपा कार्यालय पहुंचीं।
ऊर्जा मंत्री राजेंद्र शुक्ला कुछ देर पहले मेनन से मिलकर निकले थे। मेहदेले पहुंची तो मेनन के कक्ष के बाहर मौजूद उनके सहायकों ने बताया कि मेनन सोने चले गए हैं। मेहदेले वहीं इंतजार करने के लिए बैठ गईं। थोड़ी देर बाद इंदौर-3 से विधायक उषा ठाकुर भी पहुंच गईं। उषा ठाकुर निगम-मंडलों की सूची को लेकर मेनन से बात करना चाहती थीं। बताया जा रहा है कि इंदौर के नेता बाबूसिंह रघुवंशी को निगम-मंडल अध्यक्ष नहीं बनाया गया। यही बात उषा ठाकुर संगठन में रखना चाहती थीं। बहरहाल दो घंटे इंतजार के बाद मेनन जागे तो मेहदेले व उषा ठाकुर की मुलाकात हुई।