भोपाल। डीबी सिटी में क्रिसमस का जश्न मनाने जाना एक महिला सब इंस्पेक्टर को भारी पड़ गया। गैलरी में युवकों के एक ग्रुप ने दोनों तरफ से अधिकारी से धक्का-मुक्की करते हुए सोने की चेन और पर्स पर हाथ साफ कर दिए। पुलिस ने चोरी का प्रकरण दर्ज किया है।
ग्यारह सौ क्वार्टर जी-1/76 निवासी सुमन अमोली (49) पति भरत मोहन अमोली पुलिस मुख्यालय में सब इंस्पेक्टर के पद पर हैं। उन्होंने बताया कि वे शुक्रवार रात परिवार के साथ डीबी सिटी घूमने गई थी। गैलरी में क्रिसमस का जश्न मनाया जा रहा था। जिसके कारण वहां काफी भीड़ थी। इसी दौरान कुछ युवकों ने दोनों तरफ से धक्का-मुक्की शुरू कर दी। उनके साथ कुछ और महिलाएं और बच्च दबने के कारण घबरा गए। उन्होंने बताया कि हमारी आवाज सुनकर सिक्युरिटी गार्ड मदद के लिए दौड़े तो युवकों ने वहां से उनके पास से दौड़ लगा दी। कुछ देर बाद उन्हें अहसास हुआ कि उनके गले से ढाई तोला वजनी सोने की चेन गायब है। उन्होंने कंधे पर टंगे पर्स को खोलकर देखा, तो उसमें से भी एक छोटा पर्स गायब था। पर्स में 500 रुपए, एटीएम कार्ड, आई कार्ड और अन्य कागजात रखे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज किया है।
अब नहीं जाएंगी भीड़ में कहीं
घटना के बाद सुमन बहुत डरी हुई हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने कभी भी किसी भी पर्व या छुट्टी के दिन किसी भी बाजार या मॉल में जाने से तौबा कर ली है। उन्होंने आशंका जताई कि युवकों ने जान-बूझकर भीड़ का माहौल बनाकर वारदात को अंजाम दिया। वह योजना के तहत वहां धक्का-मुक्की कर रहे थे।