शहडोल। जन-संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों ने विधवा आदिवासी महिलाओं का नाम बीपीएल सूची में न होने के कारण पेंशन न मिलने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि अब सभी विधवा महिला को पेंशन दी जायेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आदिवासियों से एक रुपये किलो की दर पर खाद्यान्न मिलने की जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज शहडोल जिले के सोहागपुर विकास खण्ड के ग्राम पंचायत केलमनिया में जन-संवाद कार्यक्रम में किसानों और ग्रामीणों से चर्चा की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्रामीणों से सूखे से प्रभावित फसलों की स्थिति और मुआवजा वितरण के संबंध में जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त फसलों का सर्वे ठीक से न होने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने शहडोल जिले के जयसिंह नगर, सोहागपुर और बुढ़ार तहसील में सूखा प्रभावित फसलों का पुन: सर्वे के निर्देश अधिकारियों को दिये। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्राम पंचायतों में सर्वे सूची चस्पा करने और किसानों से आपत्तियाँ लेने और उसके निराकरण के बाद मुआवजा वितरण किये जाने के निर्देश दिये।
