ग्वालियर। जिले में दो हजार एससी और एसटी छात्रों की स्कॉलरशिप मंजूर होने के बाद भी खाते में नहीं पहुंची। कुल 7 करोड़ रुपए दो हजार छात्रों के खाते में स्कॉलरशिप के रूप में पहुंचने थे, लेकिन 7 महीने बाद भी जब यह राशि छात्रों के खाते में नहीं पहुंची तो वे कलेक्ट्रेट में भूख हड़ताल पर बैठ गए। लगभग एक सैकड़ा की संख्या में छात्र कलेक्ट्रेट पहुंचे थे, जहां पर उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा।
दो घंटे तक एससी और एसटी वर्ग के ये छात्र कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। छात्रों ने कहा कि जब तक उनकी मांग पर कलेक्टर विचार नहीं करेंगे वे यहीं भूख हड़ताल पर बैठे रहेंगे। जैसे ही यह खबर कलेक्टर तक पहुंची उन्होंने एसडीएम अजयदेव शर्मा को छात्रों से बात करने भेजा। थोड़ी ही देर में कलेक्टर के माध्यम से संदेश आया कि पिछले 7 महीने से स्कॉलरशिप पोर्टल पर आवेदन करने की लिंक बंद थी। कई छात्र आवेदन नहीं कर पाए थे और पोर्टल बंद हो गया था। इसलिए इनके खातों में स्कॉलरशिप की राशि नहीं पहुंच पाई थी। लेकिन पिछले दो दिन से पोर्टल पर लिंक ओपन हो गई है। जल्द ही छात्रों के खातों में स्कॉलरशिप की राशि पहुंच जाएगी। कलेक्टर के आश्वासन के दो घंटे बाद छात्र भूख हड़ताल से उठ गए।
मैंने आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त से बात की है। उन्होंने बताया है कि पिछले दो दिन से पोर्टल ओपन है। जल्द ही सभी छूटे हुए छात्रों की इंट्री कराकर उनके खातों में स्कॉलरशिप की राशि पहुंच जाएगी।
डॉ. संजय गोयल, कलेक्टर, ग्वालियर
