ग्वालियर। एक इंश्योरेंस कंपनी की एरिया सेल्स मैनेजर ने रीजनल मैनेजर पर शोषण करने, छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। छेड़छाड़ का विरोध करने पर दो महीने की सैलरी रोकने का भी आरोप लगाया है। घटना सिटी सेंटर स्थित एक लाइफ इंश्योरेंस कंपनी की है। महिला की शिकायत पर विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिटी सेंटर स्थित देश की बड़ी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में पदस्थ महिला सेल्स मैनेजर ने अपने ही अधिकारी पर आरोप लगाकर हंगामा मचा दिया। महिला ऑफिसर का आरोप था कि पिछले दो महीने से रीजनल मैनेजर सत्यप्रकाश निवासी विंडसर हिल्स उसे परेशान कर रहा है। उसके कैबिन में आकर कभी कपड़े उतारकर बॉडी स्कैन करने की बात कहता है तो कभी यहां-वहां हाथ लगाता है।
लगातार प्रताड़ित किए जाने से महिला आहत हुई है। हद तब हो गई जब महिला के विरोध करने पर उसकी दो माह की सैलरी को रुकवा दिया गया। गुरुवार को महिला ऑफिसर ने विश्वविद्यालय थाना पुलिस से शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने एक्शन लिया और तत्काल आरोपी रीजनल मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल जांच जारी है इसलिए आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।