भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस विधायक दल के उपनेता बाला बच्चन ने दावा किया कि पेटलावद विस्फोट का मुख्य आरोपी राजेंद्र कासवां जिंदा है। उन्होंने मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की भी मांग की।
बच्चन ने आरोप लगाया कि कासवां को मृत बताना सरकार की एक साजिश हो सकती है। उसके परिजन का नार्को टेस्ट भी नहीं कराया गया। बच्चन ने कहा कि विस्फोट के बाद स्थानीय लोगों ने कासवां को घटनास्थल से भागते देखा था। अब उसे मृत बताया जा रहा है। कांग्रेस इस मामले की सीबीआई जांच की मांग करेगी।
क्या था मामला
झाबुआ जिले के पेटलावद कस्बे में 12 सितंबर को विस्फोटकों से भरे गोदाम में विस्फोट हुआ था। इसमें 89 लोगों की मौत हो गई थी। ये गोदाम राजेंद्र कासवां का था। घटना के बाद उसे फरार बताया गया था। उस पर पांच लाख रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था। तीन दिन पहले झाबुआ पुलिस ने बताया था कि कासवां उसी विस्फोट में मारा गया है। विस्फोट में मारे गए एक व्यक्ति के डीएनए से उसका डीएनए मैच हो गया है।