ग्वालियर। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस को भारतीय जनता युवा मोर्चा ने फूलबाग मैदान में सेवा पर्व के रूप में मनाया। मोर्चा ने निराश्रितों को बांटने के लिए कंबल और भोजन के पैकेट मंगवाए थे, लेकिन कुछ कार्यकर्ताओं ने ही पूरी व्यवस्था को बिगाड़ दिया। कुछ कार्यकर्ताओं ने निराश्रितों के बजाय अपने चहेतों को टेंट के पीछे से कंबल और भोजन के पैकेट बांट दिए तो कुछ लोग कूपन की फोटो कॉपी से कंबल ले गए। इससे कंबल कम पड़ गए। इसलिए कार्यक्रम में आए साधुओं का 100-100 रुपए दिए गए। कंबलों को लेकर कार्यकर्ता ही आपस में उलझ गए।
भाषण खत्म होते मची अफरा-तफरी
कंबल के लिए मोर्चा कार्यकर्ताओं ने बस्तियों और झुग्गियों में जाकर निराश्रितों को कूपन बांटे थे। मुख्य अतिथि केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के उद्बोधन के बाद कंबल व भोजन के पैकेट बांटना शुरू किए। इसके लिए अलग-अलग स्टॉल लगाए थे, लेकिन भाषण खत्म होते ही सारी भीड़ स्टॉल की ओर उमड़ पड़ी जिससे अफरा-तफरी मच गई। मंचासीन भाजपा जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विवेक शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने मंच से ही व्यवस्थाएं संभालने का प्रयास करते रहे, लेकिन व्यवस्था बिगड़ गई।
भीड़ में दबे मासूम और वृद्ध
कई महिलाएं अपने छोटे बच्चों को लेकर कंबल लेने पहुंची थीं, इसमें वृद्ध महिला व पुरुष भी शामिल थे। वे भीड़ में दब गए। हालात बिगड़ने पर पुलिस का व्यवस्था संभालना पड़ी। पुलिस जवान महिला, बच्चों और बुजुर्गों को को बचाने की मशक्कत करते रहे।
इसलिए बिगड़ी व्यवस्था
कंबल केवल उन्हीं को दिए जाने थे जिन्हें कार्यकर्ताओं ने कूपन दिए थे लेकिन कुछ लोगों ने कूपन की फोटो कॉपी करा ली जिसका लाभ उन्होंने भीड़ में उठाया। कुछ ऐसे लोग पकड़ में भी आए लेकिन उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं ने ही उन्हें ऐसे कूपन दिए हैं। एक पार्षद व महिला मोर्चा की एक कार्यकर्ता कुछ कूपन लेकर कंबल ले-लेकर अपने क्षेत्र के लोगों को दे रहीं थी। इस पर कार्यकर्ताओं से नोकझोंक हो गई।
फेंककर दिए कंबल
कार्यकर्ताओं ने कंबल फेंककर दिए। इससे कुछ समय के लिए हालात बिगड़ गए। अफरा-तफरी में बैरीकेड्स भी टूट गए। उसमें उलझकर कई महिलाएं गिर पड़ीं।