इंदौर। छेड़छाड़ की जांच कर रही एक महिला अफसर ने 50 हजार रुपए की चाय मांगी। चाय यानी रिश्वत का कोडवर्ड। इससे पहले दबाव बनाकर दस हजार रुपए ले चुकी थी और बाकी राशि के लिए कॉल कर धमका रही है। मंगलवार को यह शिकायत आईजी-डीआईजी के पास पहुंची है।
त्रिवेणी नगर निवासी शिकायतकर्ता शुभम बनोधा (24) ने विजय नगर थाने में पदस्थ महिला एसआई रश्मि पाटीदार के खिलाफ लेन-देन की शिकायत की। शुभम के मुताबिक एसआई परिवार पर दबाव बना रही है। वह 50 हजार रुपए मांग रही है। दीपावली पर 10 हजार रुपए दे दिए थे। इसके बाद भी डिमांड बंद नहीं हुई। पांच दिन पहले भाई शिवम को पकड़ कर ले गई। कॉल कर कहा तुमने 'चाय" की व्यवस्था नहीं की। शुभम के मुताबिक वह कोडवर्ड में रुपए मांग रही है।
रिश्तेदार ने लिखाई थी छेड़छाड़ की रिपोर्ट
शुभम के पिता राजेंद्र बनोधा नगर निगम में माली है। राजेंद्र के खिलाफ उनकी रिश्तेदार महिला ने 12 अगस्त को छेड़खानी का केस दर्ज कराया था। मामले की जांच एसआई पाटीदार के पास थी। उन्होंने बनोधा की गिरफ्तारी के लिए घर पर दबिश दी। शुभम ने बताया केस फर्जी है। 29 मई को रिश्तेदार के जेठ शेखर को अटैक आया था। पिता ने मदद करते हुए 1 लाख 90 हजार रुपए उधार दिए थे।
बदले में चेक और पेपर पर लिखा-पढ़ी की थी। तीन महीने बाद भी रुपए नहीं लौटाने पर दबाव बनाया तो पिता के खिलाफ केस दर्ज करा दिया, जबकि पिता उस दिन ड्यूटी पर थे। निगम अफसर और पार्षद ने भी लिख कर दे दिया। फरियादी के मुताबिक 25 नवंबर को सुबह 5 बजे एसआई घर आई और भाई शिवम को हिरासत में ले लिया।
सीएम हेल्प लाइन पर शिकायत करने पर रात को घर के बाहर छोड़ दिया। मामले की लोकायुक्त पुलिस से भी शिकायत की गई है। इस संबंध में एसआई से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन वे उपलब्ध नहीं हुई। इधर, इस मामले में डीआईजी संतोषकुमार सिंह ने कहा कि तथ्यों के आधार पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
