मुरैना। मुरैना में टोल टैक्स वसूली को लेकर बीजेपी नेता की बुरी तरह पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
रविवार रात को मुरैना में एक टोल प्लाजा पर बीजेपी नेता रामलखन सिंह को टोल कर्मचारियों ने बुरी तरह पीट दिया। रात में रामलखन टोल प्लाजा पहुंचे तो उन्होंने तय रेट के मुताबिक शुल्क टोल कर्मचारी को दे दिया। इस पर कर्मचारी उनसे तय राशि से अधिक पैसे मांगने लगा। जब रामलखन सिंह ने इसका विरोध किया तो कर्मचारी ने उनसे बहस करना शुरू कर दी।
बहस बढ़ती देख प्लाजा पर मौजूद बाकी के कर्मचारी भी वहां आ गए और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। जिसके बाद करीब आधा दर्जन कर्मचारियों ने रामलखन पर लात घूसे बरसाना शुरू कर दिए। वहां मौजूद दूसरे लोगों द्वारा बीच बचाव करने पर ही कर्मचारियों ने मारपीट रोकी।
पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। कर्मचारियों से छूटकर पीड़ित बीजेपी नेता रामलखन सिंह ने अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत सिविल लाइन थाना में दर्ज करवाई। पुलिस ने करीब आधा दर्जन लोगों पर मामला दर्ज करते हुए सीसीटीवी फुटेज क आधार पर कुछ लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है। जिनसे पूछताछ कर पुलिस बाकी के आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।