भोपाल। जनसंपर्क संचालनालय के डिप्टी डायरेक्टर की गंदी हरकतों का शिकार हुई लापता लड़की का पता चल गया है। वो हरियाणा के एक अस्पताल में भर्ती है लेकिन यह पता नहीं चल पाया है कि वो हरियाणा कैसे पहुंच गई। पीड़िता के पिता ने जनसंपर्क अधिकारी पर किडपेनिंग का आरोप लगाया हुआ है।
हबीबगंज सीएसपी जयंत राठौर के मुताबिक एक एनजीओ संचालक की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने जनसंपर्क के उप संचालक आरएस मीणा के खिलाफ गत 14 अक्टूबर को छेड़छाड़ का प्रकरण दर्ज किया था। उसी शाम पीड़िता की मां ने कोलार पुलिस से बेटी के गायब होने की शिकायत की थी। उन्होंने मीणा पर अपना संदेह जाहिर किया था। इसके बाद कोलार पुलिस ने शुक्रवार को मीणा समेत अन्य लोगों के बयान दर्ज कर लिए थे। पुलिस ने पीड़िता की मां और बैंक कर्मचारियों से भी पूछताछ की थी। शुक्रवार रात पुलिस को पीड़िता के पंचकुला के एक अस्पताल में होने की सूचना मिली। हालांकि वह वहां कैसे और कब पहुंची इसकी जानकारी नहीं मिल पाई। सूत्रों की माने तो एक टीम पीड़िता का पता लगाने के लिए वहां रवाना हो गई है। हालांकि सीएसपी का कहना है कि फिलहाल हम उसके बारे में जानकारी एकत्रित कर रहे हैं। स्थानीय पुलिस से संपर्क करके सूचना की पुष्टि की जा रही है।
चार लोगों ने किया था अपहरण
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक पीड़िता ने खुद ही पुलिस से संपर्क कर उसके वहां होने की सूचना दी। उसने बताया है कि चार लोगों ने उसका अपहरण कर लिया था। जब उसकी आंख खुली तो वह एक अस्पताल में थी। वह वहां कैसे पहुंची? इसके बारे में उसे पता नहीं है।