इंदौर। पीएससी (मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग) अपने ऑनलाइन एग्जाम सिस्टम का ट्रायल कराएगा। इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है। सप्ताह भर में खामियां सामने आएंगी। फिर अगले तीन दिन में उन्हें सुधारा जाएगा। ताकि 10 अक्टूबर को होने वाली पहली ऑनलाइन परीक्षा में किसी तरह की कमी न रह जाए। या किसी तरह की तकनीकी गड़बड़ का सामना न करना पड़े। प्रबंधन इसी के चलते विशेषज्ञों की टीम से पूरे सिस्टम का ऑडिट करवा रहा है। पूरे सिस्टम को परखा जा रहा है।
दरअसल पीएससी ने अपनी राज्य सेवा प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा को छोड़ अन्य सारी परीक्षाएं ऑनलाइन करवाने का निर्णय लिया है। इसके लिए पूरा सिस्टम भी तैयार कर लिया गया है। लेकिन पीएससी प्रबंधन की चिंता है कि कहीं पहली परीक्षा में ही सिस्टम फेल न हो जाए। इसलिए पूरी तरह सावधानी बरती जा रही है।
बताते हैं कि इस दौरान विशेषज्ञ कम्प्युटर चलाकर देखेंगे कि अभ्यर्थी कैसे एग्जाम देगा। कैसे प्रश्न ओपन होंगे और कैसे जवाब लिखे जाएंगे। जो समय अलग-अलग परीक्षा का दिया जाता है, उसी के हिसाब से परचा सेट हुआ है या नहीं। पीएससी सचिव मनोहर दुबे के अनुसार ऑनलाइन सिस्टम का ऑडिट होने से किसी भी तरह की तकनीकी समस्या का असमंजस दूर हो जाएगा।

