भोपाल। राजधानी में शाहजानी पार्क से बेदखल कर दिए गए हड़ताली अध्यापकों को कांग्रेस ने हड़ताल के लिए स्थान देने की पेशकश की है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि सरकार उन्हें प्रदर्शन करने का स्थान मुहैया नहीं कराती तो हम स्थान उपलब्ध कराएंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव ने कहा है कि अपने हक की लड़ाई लड़ने के लिए आमरण अनशन पर बैठे प्रदेश के अध्यापक संवर्ग के शिक्षकों पर राज्य सरकार द्वारा लाठी चार्ज करना सरकार का कायराना कृत्य है। प्रदेश के लाखों अध्यापक अपनी उचित मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे है। उनका छठवां वेतनमान 2 किश्तों में देने पर सरकार ने अपनी सहमति जताई थी, राज्य सरकार ने विगत विधानसभा चुनाव के पहले जो वायदे किये थे, उससे वह मुकर गई है, छलावे के खिन्न प्रदेश का अध्यापक संवर्ग आज फिर लामबंद होकर 2013 से निरंतर छठवे वेतनमान की चार किश्तों का एकमुश्त भुगतान करने एवं शिक्षा विभाग में संविलियन करने जैसी विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्वक तरीके से हड़ताल कर रहा है, लेकिन प्रदेश में उनको हड़ताल करने के लिए जगह नहीं दी जा रही है। पुलिस बल द्वारा हड़तालरत अध्यापकों को खदेड़ दिया जा रहा है, जिससे वह अपनी मांगों को लेकर और अधिक आक्रोशित हो रहे हैं। श्री यादव ने आंदोलित अध्यापकों से कहा है कि यदि हड़ताल करने के लिए शासन जगह नहीं देगी तो कांग्रेस पार्टी उन्हें जगह मुहैया करायेगी।

