इंदौर। जिला प्रशासन की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के दौरान एक युवक की मौत के बाद हालात बेकाबू हो गए। आक्रोशित लोगों ने जमकर पथराव कर दिया और वाहनों में आग लगा दी। पुलिस को आक्रोशित लोगों को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सीपी शेखर नगर में अतिक्रमण विरोधी मुहिम के दौरान दीवार गिरने से एक युवक की मौत हो गई। इसके बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने रिमूव्हल अमले पर पथराव शुरू कर दिया।
अचानक हुए पथराव से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को भी आक्रोशित लोगों ने घेर लिया। इस दौरान भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने नगर निगम के कचरा वाहन, एक बाइक और जेसीबी को आग के हवाले कर दिया।
लोग इतने आक्रोशित थे कि उन्होंने बस्ती से बाहर आकर मुख्य सड़क पर चक्काजाम कर दिया। हालात बेकाबू होते देख अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। पुलिस के बल प्रयोग करने के बावजूद भी स्थिति नियंत्रण में नहीं आने पर टियर गैस छोड़ी गई। बताया जा रहा है कि आक्रोशित भीड़ ने पुलिस अधिकारियों के साथ भी अभद्रता की।
