भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पेटलावद हादसे के मुख्य आरोपी राजेंद्र कांसवा को सोते-जागते कैसे भी हो, जल्द गिरफ्तार किया जाए। हमारी विश्वसनीयता तभी रहेगी जब जनता को पता चलेगा कि कांसवा जिंदा है या मर गया। मुख्यमंत्री शुक्रवार को पेटलावद मामले की समीक्षा कर रहे थे।
इस दौरान प्रभारी मंत्री अंतरसिंह आर्य, कलेक्टर, एसपी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने पूछा कि दो दिन में मैंने जितनी घोषणाएं की, उसका क्या हुआ? मुख्यमंत्री को बताया गया कि जो चार लाशें अज्ञात मिली हैं, उनका डीएनए सैंपल भेज दिया गया है। उससे यह पता चल जाएगा कि अज्ञात मृतकों में कांसवा तो नहीं है।
इससे पूर्व वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं जब दौरे पर था तब पता चला कि पासपोर्ट बनवाने के लिए पुलिस ने पैसे खाए हैं। इसी के बाद मैंने पूरा थाना हटाया। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा कैसे हो सकता है कि एक घर में इतने डिटोनेटर रखे हों और किसी को पता तक नहीं चले। आगे से ऐसा नहीं होने चाहिए।
पेटलावद में मेमोरियल बनेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि मृतकों की याद में पेटलावद में मेमोरियल बनाया जाएगा। आगे से ऐसे मामलों में सॉफ्टवेयर बनाकर सारा डाटा ऑनलाइन किया जाए। अभियान चलाकर विस्फोटक लाइसेंस का सर्वे करवाया जाए और नियम प्रक्रियाओं का पालन कराया जाए।

