भोपाल। राजधानी में चल रहे अध्यापक आंदोलन को बनाए रखने के लिए आजाद अध्यापक संघ के नेता शुक्रवार दिनभर दौड़धूप करते रहे, परंतु उन्हें कोई प्रशासनिक मदद नहीं मिली। कुछ अध्यापक सुबह नीलम पार्क में जुटे, बाद में दशहरा मैदान की सूचना दी गई परंतु किसी भी स्थान पर अनशन करने की अनुमति नहीं मिली।
संघ के महामंत्री जावेद खान और सचिव दिनेश साल्वी ने बताया कि हमारी मांगें जायज हैं। हम शांतिपूर्वक धरना दे रहे थे। बाकायदा धरने की अनुमति मांग रहे हैं। यहां से इजाजत नहीं मिली तो अदालत में गुहार लगाएंगे। नौबत आई तो दिल्ली जाकर केंद्र सरकार से कहेंगे मांगें पूरी की जाएं।
गिरफ्तार अध्यापकों की रिपोर्ट मंगवाई
अध्यापकों के आंदोलन के मद्देनजर अब स्कूल शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एसआर मोहंती ने प्रदेश भर के कलेक्टरों को निर्देश जारी किए हैं। निर्देश में एसीएस ने कलेक्टरों से कहा है कि गुरुवार को गिरफ्तार किए गए अध्यापकों की जानकारी आयुक्त लोक शिक्षण द्वारा भेजी जा रही है। एसीएस ने कहा कि आंदोलन में शामिल अध्यापकों व संविदा शिक्षकों की सेलरी काटी जाए, इनकी छुट्टी मंजूर न करें। आंदोलन के दूसरे दिन डीपीआई भी ऐसे निर्देश जारी कर चुके हैं।

