भोपाल। राजधानी में 200 किलो के बकरे की कीमत 11 लाख रखी है लेकिन उसका यहां कोई खरीददार नहीं मिल रहा। ऐसे में बकरे का मालिक उसे मुंबई के बाजार में बेचने के लिए ले जा रहे हैं। कुछ दिनों बाद बकरीद है जिसमें बकरों की कुर्बानी दी जानी है। राजधानी में 5 साल पहले 160 किलो का बकरा मुंबई के खरीदार ने ही खरीदा था जिसकी कीमत 7.50 लाख रुपए थी।
कोहेफिजा में रहने वाले यावर अली खान के पास अभी तक का सबसे वजनी बकरा है जो 200 किलो का है। इसकी उम्र 3 साल है। बकरे की 7 लाख से ज्यादा कीमत लग चुकी है लेकिन वह इसे 11 लाख से कम में बेचने को तैयार नहीं है। ऐसे में वह बकरे को मुंबई लेकर जा रहे हैं, जिससे इसकी उचित कीमत मिल सके। इतना वजनी बकरा प्रदेश के इतिहास में कभी नहीं हुआ।
कैसे होती है बकरों की उम्र की पहचान
बकरे के 2 दांत हैं, तो 14 महीने। 4 दांत हैं, तो 18 से 20 महीने। 6 दांत हैं, तो ढाई साल। 8 दांत हैं, तो 3 साल से ज्यादा उम्र होती है। बकरों की सबसे ज्यादा डिमांड ईद और बकरीद के बीच होती है।
भोपाल में बिका था 7.50 लाख का बकरा
5 साल पहले भोपाल में एक बकरा 7.50 लाख रुपए का बिका था। बकरे का नाम कोहिनूर था और उसका वजन 160 किलो था। बकरे को मुंबई से आए, व्यक्ति ने बोली लगाकर खरीदा था। मुंबई में काफी शौकीन लोग हैं, जो देश-विदेश में जाकर अनोखे बकरों को खरीद कर लाते हैं।

