इंदौर। एक इंजीनियर की मौत के बाद भी इंदौर के आयोजक संभलने का नाम नहीं ले रहे हैं। आज फिर महेश्वर से इंदौर के लिए आई बाणेश्वरी कावड़ यात्रा ने पश्चिम क्षेत्र में ट्रैफिक जाम कर डाला। वाहन रेंगगर चल रहे थे। एक किलोमीटर क्रॉस करने में एक घंटा लग गया।
सुबह 10:20 पर अन्नपूर्णा मंदिर पहुंची भव्य कावड़ यात्रा में पश्चिम क्षेत्र के हजारों वाहन फंस गए। अन्नपूर्णा मंदिर पर विश्राम के लिए रुके कावडिय़ों के कारण वैशाली नगर से महू नाका की ओर जाने वाला मार्ग बंद करना पड़ा।
ट्रैफिक को पुलिस अधिकारियों ने रांग साइड की लेन में डायवर्ट किया तो वहां भी वाहन गुत्थम-गुत्था हो गए। परेशान होकर वाहन चालकों को दशहरा मैदान तक रेंगते हुए निकलना पड़ा। वहीं कुछ वाहन चालक तो कॉलोनियों के रास्तों से जगह ढूंढते हुए निकले। इधर, महू नाका से रणजीत हनुमान मंदिर और हवा बंगला के रूट पर भी भारी वाहनों का दबाव बन गया। कावड़ यात्रा महू नाका पहुंची तो वहां भी जाम के हालात बने और लोग परेशान होते रहे।
