भोपाल। सीबीआई ने लक्ष्मीकांत शर्मा के खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज कर ली है। यह एफआईआर परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा में हुई गड़बड़ी को लेकर दर्ज की गई है। इस मामले में उनके साथ 52 आरोपी हैं। कुल मिलाकर पूर्वमंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा पूरी तरह से उलझ चुके हैं।
सब जानते हैं कि लक्ष्मीकांत शर्मा शुरू से कुछ छुपा रहे हैं। जैसे ही व्यापमं घोटाले में लक्ष्मीकांत शर्मा का नाम आया था, वो सीधे दिल्ली रवाना हो गए थे। वहां उन्होंने संघ पदाधिकारियों को कुछ ऐसा बताया कि कुछ रोज बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान को भी दिल्ली जाना पड़ा। सूत्र बोलते हैं कि दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं के बीच शिवराज और लक्ष्मीकांत की बातचीत हुई। इस दौरान लक्ष्मीकांत काफी गुस्से में थे और उन्होंने सारा राज खोल डालने की धमकी भी दी थी।
इस धमकी के बाद लक्ष्मीकांत शर्मा की गिरफ्तार टाल दी गई थी। धीरे धीरे मीडिया में लक्ष्मीकांत शर्मा के खिलाफ माहौल बनने लगा, प्रेशर बढ़ा तो लक्ष्मीकांत शर्मा को गिरफ्तारी के लिए राजी किया गया। व्यापमं मामले में लक्ष्मीकांत शर्मा अकेले ऐसे व्यक्ति हैं जो अपनी गिरफ्तारी देने के लिए रात को ही भोपाल आ गए थे। सुबह पूजा पाठ किया और गिरफ्तार हो गए।
गिरफ्तारी के बाद से आज तक लक्ष्मीकांत शर्मा ने मुंह नहीं खोला। उनके खिलाफ धड़ाधड़ मामले दर्ज हुए। जमानत याचिकाएं खारिज हुईं। वो फंसते गए लेकिन आज तक चुप हैं। लेकिन अब सीबीआई ने मामले दर्ज करना शुरू कर दिए हैं। विषय बहुत गंभीर होता जा रहा है। समीक्षकों का कहना है कि यदि अब भी लक्ष्मीकांत शर्मा ने मुंह नहीं खोला तो लक्ष्मीकांत शर्मा का करियर पूरी तरह से तबाह हो सकता है।