छतरपुर। बाल सुधार गृह में एक बाल कैदी की लाश फांसी के फंदे पर झूलती हुई मिली। वो 2 माह से यहां बंद था। उसके खिलाफ दुष्कर्म का आरोप था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पन्ना जिले के अजयगढ़ थानांतर्गत धरमपुरा में अशोक रजक 17 वर्ष के विरूद्ध गांव की एक हरिजन नाबालिग लड़की ने दुष्कर्म की शिकायत की थी। पुलिस ने नाबालिग आरोपी अशोक रजक के खिलाफ दुष्कर्म और हरिजन अत्याचार अधिनियम के तहत दर्ज कर उसे बाल सुधार गृह छतरपुर भेजा था।
जून माह से आरोपी बाल सुधार गृह में रह रहा था। शनिवार को अचानक दोपहर के बाद उसका शव एक कमरे में लटकता हुआ वहां के चौकीदार के द्वारा देखा गया। पुलिस ने कमरे के दरवाजे को तोड़ा और शव को अपने कब्जे में ले लिया। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट किया जाएगा।