भोपाल। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश चुनाव समिति की बैठक आज प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री नंदकुमारसिंह चौहान की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में दो नगर निगम चुनाव में महापौर प्रत्याशी ने चयन पर विस्तार से चर्चा की गयी। सर्वानुमति से उज्जैन नगर निगम महापौर पद के लिए श्रीमति मीना जोनवाल और मुरैना नगर निगम महापौर प्रत्याशी के लिए श्री अशोक अर्गल का नाम तय किया गया है। प्रदेश की नगरपालिका परिषदों के चुनाव के विषय में पार्टी की रणनीति पर विचार किया गया। नगरपालिका परिषद विदिशा, राजगढ़ जिले की सारंगपुर, मंदसौर की सुवासरा, बालाघाट की लांजी, छतरपुर की घुवारा, रीवा की चाकघाट और कोटर के चुनावों पर भी विस्तार से चर्चा पश्चात रणनीति बनाई गयी।
बिहार भी जाएंगे
बैठक में आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में मध्यप्रदेश की भागीदारी पर भी विचार किया गया और पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ताओं का दल भेजने की तैयारियों को मूत्र्तरूप दिया गया। पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व की मंशा से प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री नंदकुमारसिंह चौहान और प्रदेश संगठन महामंत्री श्री अरविन्द मेनन ने समिति के सदस्यों को अवगत कराते हुए कहा कि केन्द्रीय नेतृत्व मध्यप्रदेश संगठन और उसके कार्यकर्ताओं की संगठन और चुनाव संचालन की कार्य कुशलता से अत्यंत प्रभावित है। हमें केन्द्रीय नेतृत्व के विष्वास पर खरा उतरना है। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के दल को शीघ्र ही रवाना करने के कार्यक्रम पर चर्चा की गयी। जल्दी ही दल बिहार रवाना होगा।
चुनाव समिति की बैठक के साथ ही प्रदेश की कोर समिति की बैठक संपन्न हुई। सदस्यों को संपर्क महाअभियान की प्रगति से रूबरू कराते हुए श्री नंदकुमारसिंह चौहान ने 1 अगस्त को इंदौर में आरंभ हो रही प्रशिक्षण कार्यशाला और अगले प्रशिक्षण के चरण की जानकारी दी। प्रदेश के 757 मंडलों एवं जिला और प्रदेश स्तर पर भी प्रशिक्षण किया जायेगा। 1 अगस्त से इंदौर में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला में सभी प्रदेश पदाधिकारियों, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ की प्रदेश की टीम, संगठन मंत्री, जिलाध्यक्ष, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के जिला संयोजक भाग लेगे। प्रशिक्षण में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. विनय सहस्रबुद्धे 1 और 2 अगस्त को अलग अलग सत्र को संबोधित करेंगे।
बैठक में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री नंदकुमार सिंह चौहान, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री अरविन्द मेनन, वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री श्री सुंदरलाल पटवा, सांसद डॉ. सत्यनारायण जटिया, वरिष्ठ नेता श्री कृष्णमुरारी मोघे, सांसद श्री फग्गनसिंह कुलस्ते, श्री वीरेन्द्र कुमार खटीक, वरिष्ठ मंत्री श्रीमती माया सिंह, श्री राजेन्द्र शुक्ल, श्री भूपेन्द्र सिंह, श्री लालसिंह आर्य, प्रदेश महामंत्री श्री विनोद गोटिया, डॉ. अरविन्द भदौरिया, श्री मनोहर उंटवाल एवं महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती लता वानखेड़े उपस्थित थी।