भोपाल। शुक्रवार शाम से मौसम सुहाना शुरू हो गया। राजधानी में प्री मानसून रिमझिम शुरू हो गई। रात होते होते बारिश हुई। कोई 13एमएम पानी गिरा। शनिवार की सुबह भी सुहानी रही। तापमान 10 डिग्री नीचे लुढ़क गया और मौसम सुहावना हो गया। मजेदार बात तो यह है कि संडे को भी ऐसा ही मौसम रहने वाला है। आउटिंग प्लान कर लीजिए।
देर रात गिरा पानी
शुक्रवार को दिन में झमाझम बारिश के बाद देर रात को भी भोपाल में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के ऑब्जरवेटरी में बारिश रिकॉर्ड की गई है। बारिश के कारण शुक्रवार शाम से ही मौसम ठंडा हो गया था।
मौसम विभाग के मुताबिक अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम धीरे-धीरे अागे बढ़ रहे हैं। इससे काफी मात्रा में नमी भी प्रदेश में आ रही है। शनिवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश होगी तो कहीं धूल भरी आंधी चल सकती है। भोपाल में भी हल्की बारिश की उम्मीद है। इस बीच 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
सामान्य से कम बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक इस सीजन में अब तक करीब 13 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। शुक्रवार को ही करीब 12 मिमी बारिश हुई है। हालांकि अब भी यह बारिश सामान्य से कुछ कम है। मानसून 18 या 19 जून को भोपाल आ सकता है। हालांकि, सामान्य तौर पर मानसून के भोपाल आने की तारीख 13 जून है।