जबलपुर। अखबारों में रोज छपता है कि महिलाओं की रक्षा के लिए भाजपा संवेदनशील है और मप्र सरकार सख्त लेकिन जमीनी हकीकत क्या है, इसका पता इस घटना से चलता है। यहां भाजपा नेता के गुर्गे पार्टी कर रहे थे, म्यूजिक लाउड था। वाल्यूम कम करने का आग्रह किया तो गुर्गों ने मां बेटी पर हमला कर दिया। ब्लेड से काट डाला। महिला हेल्पलाइन फोन लगाया तो कहा गया लोकल थाने में संपर्क करो, लोकल थाने गईं तो पुलिस वालों ने भी मजाक उड़ाया, रसीले अंदाज में बयान लिए और भगा दिया।
बदमाशों की दहशत में रात गुजारने के बाद मंगलवार की सुबह पीड़त परिवार पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने पहुंचा। परिवार ने बदमाशों और रांझी पुलिस की कार्यप्रणाली की शिकायत की।
रांझी भगत सिंह वार्ड निवासी सरिता सिंह ने बताया कि उनके पति का देहांत 8 साल पूर्व हो गया था। इसके बाद वे अपनी दो बेटियों के साथ रह रही हैं। उनके पड़ोस में दो परिवार रहते हैं। यहां रहने वाले अक्सर सुबह से देर रात तक तेज आवाज में संगीत बजाते रहते हैं। सोमवार की दोपहर करीब 1 बजे उनकी 17 वर्षीय बेटी गुरप्रीत पढ़ाई कर रही थी। तभी पड़ोसी मिंटू और अर्पित एन्थोनी के घर से गाने की तेज आवाज आने पर गुरप्रीत ने आवाज धीमी करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों युवक भड़क गए और गुरप्रीत से मारपीट कर दी। सरिता के अनुसार घटना के वक्त वह छोटी बेटी सुप्रीत के साथ बाजार गई थी। लौटने पर उन्होंने युवकों के परिजन से शिकायत की, लेकिन बेटों को समझाने की बजाए वे उनसे ही मारपीट पर उतर आए। उस समय पड़ोसियों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया। लेकिन रात 10 बजे मिंटू और अर्पित 8-10 युवकों के साथ पहुंचे और घर में पत्थर फेंकने लगे। उनकी बेटियां घर से बाहर निकलीं तो उन पर ब्लेड से हमला कर दिया।
सरिता के अनुसार उन्होंने महिला हेल्पलाइन में फोन लगाया, उनकी बात भोपाल से कराई गई। उन्हें रांझी थाने पहुंचने के लिए कहा गया। बदमाशों के डर से वे पीछे के रास्ते थाने पहुंचे। लेकिन यहां पुलिसकर्मियों ने रिपोर्ट लिखने की बजाए मजाक उड़ाकर लौटा दिया।
क्षेत्रीय नेता के दबाव में नहीं सुनी गई
महिला सरिता सिंह का आरोप है कि आरोपी क्षेत्र के एक रसूखदार भाजपा नेता के गुर्गे हैं, उसी के दबाव में पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। महिला की शिकायत पर एसपी ने रांझी थाना प्रभारी को उचित कार्रवाई का आदेश दिया। मंगलवार की रात सरिता सिंह की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
