इंदौर। यहां एक प्रॉपर्टी डीलर ने बंगाली चौराहा स्थित स्पा सेंटर की संचालिका को कमरे में बंद कर बुरी पीटा। संचालिका का आरोप है कि उसने कपड़े फाड़कर ज्यादती का भी प्रयास किया। विरोध करने पर उसने सीसीटीवी कैमरे तोड़े, काउंटर और खिड़कियों के कांच भी फोड़ डाले। पलासिया पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है।
पुलिस के मुताबिक, बंगाली चौराहे के पास एक स्पा सेंटर है। 25 वर्षीय युवती इसे चलाती है। सुबह 11 बजे जब वह स्पा पहुंची तो बाहर निपानिया निवासी विनीत सिसौदिया नाम का युवक मिला। दरवाजा खोलते ही वह संचालिका के पीछे-पीछे स्पा में घुस गया। उसने दरवाजा बंद कर संचालिका के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर विनीत ने उसके साथ मारपीट की। उसके बाद वहां लगे सीसीटीवी कैमरे, कांच का काउंटर, खिड़कियां और फिश पॉट सहित टेबल-कुर्सियां तोड़ दी।
कुछ देर बाद संचालिका की सहेली आ गई। उसने अंदर हंगामा होते देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसके खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़, धमकाने और छेड़छाड़ करने का केस दर्ज किया गया है।
कपड़े फाड़े, पीछा छोड़ने के लिए मांगे 50 लाख
मारपीट से संचालिका के चेहरे पर सूजन आ गई थी। उसकी सहेली ने बताया कि मैं जब पहुंची तो अंदर चीख-पुकार मची थी। मैंने अंदर जाने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला। विनीत अंदर ज्यादती का प्रयास कर रहा था। उसने कपड़े भी फाड़ दिए थे। पीड़िता ने बताया कि वह उसके स्पा का ग्राहक था। छह माह से वह पीछा कर रहा है। वह जबरदस्ती उससे शादी करना चाहता है। जब मना किया तो वह कहने लगा कि शादी कर या फिर 50 लाख रुपए दे, तभी पीछा छोड़ूंगा। यदि रुपए नहीं मिले तो मार दूंगा।
एक माह पहले पिस्टल लेकर आया था
पीड़िता की सहेली ने बताया कि विनीत प्रॉपर्टी का काम करता है। एक महीने पहले वह पिस्टल लेकर आया था। वहीं विनीत का कहना था कि हम दोनों प्रेम करते हैं। लड़की धमकाने और 50 लाख रुपए मांगने का झूठा आरोप लगा रही है।