ग्वालियर। किले की तलहटी में बसे सिंधया नगर में डीजे बजाने के विवाद पर दो पड़ोसियों में विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से जमकर पत्थर फेंके गए। इसी पथराव में एक 80 वर्ष के बुजुर्ग की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने दूल्हे व उसके एक साथी को आरोपी बनाया है और अब उनकी तलाश की जा रही है।
सिंधिया नगर में एक 80 वर्षीय अतर सिंह रहते हैं। उनके पड़ोस में रहने वाले रवि की शादी कुछ दिन बाद होनी है। इसी के चलते रवि के घर में पिछले कुछ दिनों से डीजे बजाकर डांस व मस्ती की जा रही है। पड़ोसियों ने डीजे के शोर पर कई बार आपत्ति जताई, लेकिन रवि व उसके दोस्तों ने अनसुना कर दिया।
बुधवार की दोपहर की इसी मुद्दे पर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच पत्थर फिंकने लगे। इसी पथराव में एक बड़ा पत्थर अतर सिंह के सिर पर जा लगा। इससे उसकी मौत हो गई। अतर सिंह की मौत होते ही रवि व उसके साथी भाग खड़े हुए। इस मामले में पुलिस ने बताया कि कई बार कहे जाने के बाद रवि ने डीजे को बंद नहीं किया। इससे विवाद बढ़ गया। इस मामले में रवि के साथ उसके दोस्त सरनाम को आरोपी बनाया गया है। अब दोनों की तलाश की जा रही है।