बारात दरवाजे पर थी दुल्हन BF संग भाग गई

सतना। जिले के सिंहपुर थानाक्षेत्र के बैलिहा गांव में आई एक बारात को बिना दुल्हन के वापस लौटना पड़ा। दरअसल जैसे ही बारात दरवाजे पर लगी सजी-धजी दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो दूल्हे राजा बारात वापस ले गए।

जानकारी के मुताबिक बैलिहा के रामजी अहिरवार के घर मंगलवार की रात उनकी पुत्री का विवाह होना था। घोड़ी पर सवार दूल्हा और बारात भी दरवाजे पर पहुंच गई। द्वार पूजा की रश्म अदायगी के बाद मण्डप के नीचे का कार्यक्रम भी शुरू हुआ। जब रस्मों के लिए कन्या को लाने गए तो वह कमरे से गायब थी। काफी तलाश के बाद पता चला कि वह अपने प्रेमी के साथ भाग गई है।

प्रेमी के घर हुआ हमला
दुल्हन के भागने की बात ज्यादा देर तक छिप नहीं सकी और गांव समेत बारातियों को भी पूरी घटना के बारे में पता चल गया। इसके बाद बाराती और घराती पक्ष ने मिलकर कथित प्रेमी के घर में हमला बोल दिया। वहां प्रेमी युवक तो नहीं मिला लेकिन गुस्साए लोगों ने उसके घर वालों के साथ मारपीट शुरू कर दी। जिसमें 6 लोग घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रेमी-प्रेमिका दोनो बालिग
दरअसल रामजी अहिरवार की पुत्री रागिनी अहिरवार 21 वर्ष की है और उसका प्रेमी गांव का ही रामानुज अहिरवार पिता सुंदरलाल 22 वर्ष का है। दोनों के बीच पिछले एक वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दो महीने पहले ही रागिनी के घर वालों ने उसका विवाह छतरपुर निवासी विकास अहिरवार के साथ तय किया था। प्रेमी के घायल परिजनों ने बताया कि शादी तय करने के बाद लड़की ने इस शादी का विरोध किया था, लेकिन घर वालों ने उसकी बात को अनसुना कर दिया। यही वजह है कि शादी के दिन ही लड़की अपनी मर्जी से भाग गई।

ये हुए घायल
घरातयिों और बारातियों द्वारा की गई मारपीट में रामानुज के माता-पिता समेत 6 लोग घायल हुए हैं। जिनमें दद्दू अहिरवार पिता ददिया 60 वर्ष, राजकिशोर एवं छोटेलाल पिता दशरथ, श्यामबाई पति राजकिशोर 42 वर्ष, गीता पति सुंदरलाल 42 वर्ष, सुरेश पिता दद्दू 26 वर्ष शामिल हैं। घटना के बाद घायलों ने सिहंपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें पुलिस ने आरोपी शंखा, विमलू, दीपू, निक्कू अहिरवार समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

SP को सौंपा ज्ञापन
बुधवार सुबह घराती और बाराती पक्ष एसपी कार्यालय पहुंच गए। जहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक को संबोधित ज्ञापन सौंपकर अपनी पीड़ा व्यक्त की। लड़की के घर वालों का कहना है कि प्रेमी रामानुज अपने साथियों के साथ घर में घुसकर जबरन उनकी बेटी को उठा ले गया है। इसकी रिपोर्ट सिंहपुर पुलिस में लिखा दी गई है। इसके बाद भी पुलिस कार्यवाही नहीं कर रही है। दूल्हा भी बारातियों के साथ एसपी के सामने अपनी दुल्हन को बरामद करने की गुहार लगा रहा। एसपी ने उन्हें उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है।


#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !