मुंबई। महाराष्ट्र के अकोला जिले में भगवान से भी ऊपर दर्जा रखने वाले शिक्षक की एक ऐसी शर्मनाक करतूत सामने आई है जिसे जानने के बाद गुरू-छात्र के पवित्र रिश्तों से आपका भरोसा उठ जाएगा। जी हां यहां स्थित एक नवोदय स्कूल में 55 छात्राओं के साथ यौन शोषण किया गया है। आरोप स्कूल के ही दो शिक्षकों पर लगा है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। दोनो शिक्षक फरार हैं जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित जगहों पर छापेमारी की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक आरोपी शिक्षकों की पहचान राजन गजभिये और शैलेश रामटेके के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ गुरुवार रात जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रिंसिपल की शिकायत पर बाल यौन अपराध विरोधी कानून की धारा 7 और 8 तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 354 ए के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि पीड़िताओं ने जो बयान दिया है उसके मुताबिक रसायन और जीव विज्ञान के शिक्षक प्रायोगिक परीक्षाओं में अंक नहीं देने की आड़ में लंबे समय से लड़कियों का यौन उत्पीड़न कर रहे थे।
पीडि़ताओं ने बताया कि दोनों शिक्षक गंदी बातें और अश्लील हरकत करते थे। उन्होंने इसकी शिकायत प्रिंसिपल से की थी। शिकायत के बाद पेरेंट्स-टीचर मीटिंग भी बुलाई गई थी। इस मीटिंग के बाद दोनों आरोपी शिक्षक फरार हो गये। इस वाकये से नाराज अभिभावकों ने पुलिस स्टेशन के बाहर जमकर हंगामा भी किया। अभिभावकों की मांग थी कि दोनों शिक्षकों के खिलाफ सख्त कदम उठाये जायें।

