एक सप्ताह से रूस से राष्ट्रपति लापता

नईदिल्ली। दुनिया के दूसरे सबसे ताकतवर देश रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन एक सप्ताह से लापता हैं। वो कहां है, इसका कोई जवाब किसी के पास नहीं है। इसके चलते कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं हैं। पूरी दुनिया की निगाह रूस के घटनाक्रम पर आकर टिक गई है।


पुतिन कहां हैं? यह सवाल आजकल मॉस्को और पूरे रूस सहित अब दुनिया भर में चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल, एक हफ्ते से भी ज्यादा समय से राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जनता के सामने नहीं आए हैं। यह सवाल तब खड़ा हुआ, जब पुतिन ने अचानक से कजाखस्तान की यात्रा रद्द कर दी और एक अन्य देश के प्रतिनिधियों के साथ किसी संधि को लेकर होने वाली मीटिंग भी टाल दी। असामान्य बात यह रही कि वह रूस की आंतरिक खुफिया सेवा (FSB) के टॉप अफसरों की सालाना बैठक से भी गायब रहे।

तरह-तरह की अटकलें
पुतिन की गैरमौजूदगी के बारे में अब अफवाहों का बाजार गर्म होने लगा है। कुछ लोग कह रहे हैं कि वह मॉस्को में फैले फ्लू की चपेट में आ गए हैं, कुछ कह रहे हैं कि वह स्ट्रोक के शिकार हुए हैं, कुछ का मानना है कि तख्तापलट करके उन्हें क्रेमलिन के अंदर ही बंधक बना लिया गया है तो कुछ का कहना है कि 62 साल की उम्र में उनका निधन हो गया है। इन सब अफवाहों के बीच राष्ट्रपति के प्रवक्ता दमित्रि एस पेश्कोव ने इन अटकलों को हंसी में टाल दिया।

पहले भी ऐसा हो चुका है
गौरतलब है कि इससे पहले पुतिन वर्ष 2000 में कर्स्क पनडुब्बी के डूबने के बाद कुछ दिनों के लिए लापता हो गए थे। इसके ठीक 2 साल बाद जब आतंकियों ने मॉस्को में एक थिएटर पर कब्जा कर लिया था, तब भी वह जनता के सामने नहीं आए थे। इन दोनों घटनाओं से उनकी नेतृत्व क्षमता पर भी सवाल उठे थे, मगर इसके बाद वह हर मौके पर जनता के सामने रहे हैं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!