गंभीर हो जाइए, पाक से परमाणु खतरा है

राकेश दुबे@प्रतिदिन। पकिस्तान कि और से भारत को गम्भीर परमाणु खतरा है |अमेरिकन थिंक टैक ‘दि न्यूक्लियर इंटरेक्टिव इंफोग्राफिक’ को आशंका है कि 2020 तक पाकिस्तान के पास करीब 200 परमाणु हथियार हो जाएंगे। इंफोग्रॉफिक द्वारा जारी आंकडों के मुताबिक, पाकिस्तान के पास मौजूदा समय में भी भारत से करीब 10 परमाणु हथियार ज्यादा है। थिंक टैंक ने इसे कुछ देशों के लगातार परमाणु हथियारों की होड़ में बने रहने से जोड़ा है और उसके आकलन के मुताबिक, अमेरिका और रूस के पास भी मौजूदा समय में पांच-पांच हजार से अधिक परमाणु हथियारों का जखीरा है।

पाकिस्तान के परमाणु हथियार कार्यक्रम और उसकी नीतियों को लेकर विश्व समुदाय लगातार चिंतित रहा है। पूर्व विदेश सचिव सलमान हैदर के मुताबिक परमाणु हथियार तथा इसके बाबत सावधानी के मामले में भारत का रिकार्ड पाकिस्तान से कहीं बेहतर है। इसलिए पाकिस्तान के परमाणु कार्यक्रमों को लेकर विश्व समुदाय भी चिंतित रहता है। वहीं सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक पाकिस्तान के पास भारत से अधिक संख्या में परमाणु हथियार हो सकते हैं लेकिन भारत के परमाणु हथियार पाकिस्तान की तुलना में अधिक कारगर तथा विश्वसनीय हैं।

पाकिस्तान के पास कोई स्पष्ट नीति या आणविक घोषणा नहीं है। जबकि भारत ने इसे बाकायदा घोषित कर रखा है। भारत की आणविक नीति के मुताबिक देश पहले परमाणु हथियार का उपयोग नहीं करेगा।अर्थात शत्रु द्वारा परमाणु हथियार लांच किए जाने अथवा इस तरह की अपरिहार्य स्थिति में ही परमाणु हथियारों का इस्तेमाल किया जाएगा। भारत की स्पष्ट रक्षा नीति है कि उसके हथियार कार्यक्रम किसी देश को डराने अथवा सैन्य शक्ति को चुनौती देने के लिए नहीं बल्कि रक्षात्मक और राष्ट्र हित को ध्यान में रखकर हैं।

पाकिस्तान के पास ब्रह्मोस के स्तर की कोई परमाणु हथियारों को ले जाने में सक्षम हाइपर सोनिक मिसाइल नहीं है, भारत की तीनों सेनाओं के बेड़े में यह शामिल है। पाकिस्तान को  मिसाइल तकनालजी चीन और उत्तर कोरिया से मिली   हैंऔर  भारत ने खुद विकसित किया है।पाकिस्तान के पास बाह्य और अंत: वातावरण को मिसाइलों आदि के प्रहार से बचाने के लिए कोई रक्षा प्रणाली नहीं है। इसके विपरीत भारत ने एंटी एयर डिफेंस सिस्टम को विकसित कर लिया है।

लेखक श्री राकेश दुबे वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार हैं।
संपर्क  9425022703
rakeshdubeyrsa@gmail.com

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!