इंदौर। कनाड़िया क्षेत्र में स्कार्पियों में बैठे एक बदमाश ने राह चलती लड़की के अपहरण का प्रयास किया। उसने लड़की का हाथ पकड़कर गाड़ी में खींचना चाहा। लड़की ने साहस दिखाकर उसका विरोध किया। लोग इकट्ठा हुए तो वह गाडी लेकर भाग गया।
मामला कनाड़िया क्षेत्र के बिचौली मर्दाना का है। यहां एक होटल के पास शुक्रवार रात मोहनलाल नामक बदमाश स्कार्पियो में बैठा था। वह आती-जाती लड़कियों पर फब्तियां कस रहा था। कुछ लड़कियों ने उसे नजर अंदाज कर दिया। इस पर उसकी हिम्मत बढ़ गई। इस बीच श्रीजी वैली में रहने वाली एक 21 वर्षीय युवती जीजा के साथ होटल से खाना खाकर बाहर आई। मोहनलाल ने जीजा को धक्का देकर गिराया और लड़की का हाथ पकड़कर गाड़ी में खींचने लगा। युवती ने बहादुरी से मोहनलाल से मुकाबला किया और मदद के लिए चीखने लगी। लोग इकट्ठा होने लगे तो मनचला कार लेकर भाग निकला। लड़की एक निजी कंपनी में जॉब करती है। उसकी शिकायत पर मोहनलाल के खिलाफ शनिवार रात को केस दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
