नई दिल्ली। जनलोकपाल के लिए अन्ना के आंदोलन से जुड़ी और पॉलिटिकल पार्टी बनाते समय अरविंद केजरीवाल से दूर हुईं किरण बेदी ने अंतत: राजनीति में कदम रख ही दिया। उन्होंने बीजेपी ज्वाइन की है। अब वो दिल्ली का दिल जीतने में बीजेपी की मदद करेंगी।
पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के साथ किरण बेदी बीजेपी दफ्तर पहुंची और यहां उनके बीजेपी में शामिल होने की औपचारिक घोषणा की गई। शाह के साथ अरुण जेटली, हर्षवर्धन, दिल्ली बीजेपी प्रभारी प्रभात झा और सतीश उपाध्याय भी मौजूद थे।
अमित शाह ने किरण बेदी को गुलदस्ता भेंटकर पार्टी में शामिल किया। काफी समय से बेदी के बीजेपी में शामिल होने की अटकलें लगती रही हैं। उन्हें अरविंद केजरीवाल के खिलाफ पार्टी का चेहरा बनाने की मांग भी बीजेपी में उठती रही है। इस दौरान अमित शाह ने कहा कि पार्टी में किरण बेदी का स्वागत है।
इस मौके पर किरण बेदी ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी की आभारी हूं। राजनीति में पीएम का आशीर्वाद लेकर आई हूं। मोदी के नेतृत्व से प्रेरित हूं और मोदी के नेतृत्व में भरोसा जगा है। मैंने खुद को देश को समर्पित किया है। मैं 40 साल से देश सेवा में हूं। अब मैं अपने आपको दिल्ली को समर्पित करूंगी। मैंने हजारों लोगों को सिखाया और उनसे सीखा भी है। अब मैं मिशन मोदी में जुट गई हूं। दिल्ली को देश ही नहीं दुनिया का दिल बनाना है।
वहीं आप नेता संजय सिंह ने कहा है कि मैं हैरान हूं कि किरण बेदी ने इंडिया अगेंस्ट करप्शन आंदोलन राजनीतिक पार्टी के गठन के कारण छोड़ दिया था। खैर ये उनकी व्यक्तिगत इच्छा है। उन्हें अपनी मर्जी से किसी भी पार्टी में जाने का अधिकार है।
कई और भी कतार में
खबर है कि इसके अलावा बीजेपी में कई और नेता भी शामिल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि आप के कई नेता भी बीजेपी में शामिल होंगे। इनमेें संतोष कोली के भाई और कई अहम मुस्लिम नेता शामिल हैं जो पहले आप के टिकट से चुनाव लड़ चुके हैं।
खुश हुए केजरीवाल
नई दिल्ली। किरण बेदी के बीजेपी में शामिल होते ही आम आदमी पार्टी की तरफ से बयानों का दौर शुरू हो गया है। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने किरण बेदी के बीजेपी में शामिल होने पर बेहद संभली हुई प्रतिक्रिया दी है।अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, मैं किरण बेदी जी का समर्थक रहा हूं। मैंने उन्हें हमेशा राजनीति में आने के लिए प्रेरित करने की कोशिश की। मैं खुश हूं कि वो राजनीति में आ गई हैं।
वहीं आप नेता संजय सिंह ने कहा कि मैं हैरान हूं कि किरण बेदी ने इंडिया अगेंस्ट करप्शन आंदोलन राजनीतिक पार्टी के गठन के कारण छोड़ दिया था। खैर ये उनकी व्यक्तिगत इच्छा है। उन्हें अपनी मर्जी से किसी भी पार्टी में जाने का अधिकार है।
जबकि पार्टी प्रवक्ता आतिशी मर्लेना ने कहा कि इंडिया अगेंस्ट करप्शन के दौरान किरण जी पार्टी पॉलिटिक्स के खिलाफ थीं। लेकिन लगता है कि अब उन्होंने अपना नजरिया बदल लिया है।