ग्वालियर। कई बार फोन लगाने के बाद 108 एम्बुलेंस नहीं पहुंचने के कारण ठाकुर बाबा रोड़ डबरा पर एक महिला का प्रसव रिक्षे में हो गया। महिला को दर्द से तड़पता देख आसपास की घरों की महिलाओं ने निकलकर मदद करते हुये, एक घर के अन्दर ले जाकर प्रसव कराया और प्राइवेट वाहन को बुलाकर महिला को सिविल अस्पताल पहुंचाया।
लड़ैयापुरा मानिकपुर काॅलौनी में रहने वाले रामू राय की पत्नी रजनी राय को सुबह 10 बजे से प्रसव पीड़ा हो रही थी। 108 एम्बुलेंस को फोन लगाने पर 5 मिनट में एम्बुलेंस पहुंचने का आश्वासन दिया, लेकिन काफी देर तक एम्बुलेंस नहीं आई तो रामू अपनी पत्नी रजनी को रिक्शे से लेकर अस्पताल की ओर भागा ठाकुर बाबा रोड़ स्थित अंजली गार्डन के पास रिक्शे पर ही प्रसव की स्थिति बनने पर आसपास की महिलाओं ने मदद की। पहले भी इस प्रकार के मामले सामने आ चुके हैं।
डबरा अस्पताल के लिये मंजूर थी 108 जगह बदल दी अधिकारियों ने - पूर्व में 108 एम्बुलेंस करीब डेढ़ लाख की आबादी को कवर करने वाले डबरा सिविल अस्पताल के लिये मंजूर हुई थी, जब एम्बुलेंस आई ही थी, तभी अधिकारियों ने पता नहीं किस मानसिकता से डबरा अस्पताल की वजाय टेकनपुर में 108 खड़ी करवा दी। डबरा में दुर्घटनाएं प्रसव तथा अन्य चिकित्सीय कार्यों में एम्बुलेंस की सिविल अस्पताल में आवश्यक्ता है। यहां पर आसपास करीब 100 गांवों में एम्बुलेंस की सेवा मिल सकती है। टेकनपुर से एम्बुलेंस आने में टाइम लगता है तब तक मरीज और गंभीर हो जाता है।