भोपाल। अगर बैंक संबंधी कोई काम है तो उसे आज ही निपटा लें क्योंकि बुधवार को प्रदेश में सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। 3 दिसंबर को बैंक कर्मचारियों की प्रदेशव्यापी हड़ताल है। इसके चलते बैंकों का कामकाज बंद रहेगा।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के पदाधिकारी राजेश तिवारी ने बताया बैंक कर्मियों का वेतन समझौता नवंबर 2012 से लंबित है। इन 24 महीनों में 13 वार्ताएं हुईं लेकिन अनुकंपा नियुक्ति, पांच दिनी सप्ताह, वेतन पुनरीक्षण सहित पांच मांगों पर सहमति नहीं हो पाई। सोमवार को केंद्रीय कमेटी से बात करने कोशिश की लेकिन यह वार्ता भी विफल रही।
कर्मचारियों के हित में यूनियन ने क्रमवार हड़ताल का निर्णय लिया। इसके लिए पूरे देश को चार जोन में विभाजित किया है। 2-5 दिसंबर तक चारों जोन में क्रमिक हड़ताल की जाएगी। प्रदेश में 3 दिसंबर को कर्मचारियों की हड़ताल रहेगी। इसके चलते भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक सहित सभी 27 राष्ट्रीय बैंकों में कामकाज ठप रहेगा। हालांकि निजी बैंक चालू रहेंगे।