भोपाल। इंदौर और सागर के बाद राजधानी को दूसरे प्रदेशों से जोड़ने के लिए लग्जरी बसें चलाईं जाएंगी। इंटर स्टेट लग्जरी बस सेवा के लिए रूट मैप भी तैयार कर लिया गया है। बसें छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्रप्रदेश, राजस्थान और उत्तरप्रदेश के प्रमुख शहरों के लिए चलाई जाएंगी। इसे लेकर भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (बीसीएलएल) ने काम करना शुरू कर दिया है। दिसंबर तक कंपनियां तय हो जाएंगी।
बीसीएलएल अधिकारियों के अनुसार जनवरी, 2015 में लग्जरी बसों की सुविधा शुरू करने का लक्ष्य है। अब तक बस संचालन के लिए दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद और पुणे की बड़ी कंपनियां संपर्क कर चुकी हैं। ज्यादा से ज्यादा बड़ी कंपनियां इस सेवा से जुड़ सकें, इसके लिए टेंडर की तारीख बढ़ाई गई है। गौरतलब है कि मप्र सड़क परिवहन निगम की बसें बंद होने के बाद दूसरे प्रदेशों तक आने-जाने के लिए केवल ट्रेन ही विकल्प है। जबकि मुंबई, पुणे, अहमदाबाद के लिए निजी बस ऑपरेटर बसें चला रहे हैं।
मनमाना किराया वसूलते हैं
लंबी दूरी की लग्जरी बसों में निजी बस ऑपरेटर पर किसी का नियंत्रण नहीं रहता। निजी ऑपरेटरों ने परिवहन विभाग से कांट्रेक्ट कैरिज परमिट लिया है जिससे वे खुद किराया तय करते हैं। यही वजह है कि दिवाली या अन्य प्रमुख त्योहारों में तय किराए से दो से तीन गुना किराया वसूला जाता है। मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधान के तहत सिर्फ स्टेज कैरिज परमिट वाली बसों के किराया निर्धारण का अधिकार परिवहन विभाग के पास होता है जिससे कांट्रेक्ट कैरिज परमिट वालों पर कार्रवाई नहीं हो पाती।
यह होगा फायदा
बीसीएलएल द्वारा संचालित इंटर स्टेट लग्जरी बसों में किराया निर्धारण बीसीएलएल करेगा। उसके पास मॉनिटरिंग का जिम्मा भी रहेगा। ऐसे में मनमानी किराया वसूली पर रोक लगेगी। यात्री असुविधा होने पर इसकी शिकायत भी कर सकेंगे। वहीं निजी बस ऑपरेटरों का एकाधिकार समाप्त होगा।
पहले चरण में हर रूट पर दो बसें
इंटर स्टेट बस सेवा के तहत 16 रूट बनाए गए हैं। यह बसें खुद ऑपरेटर खरीदेगा। पहले चरण में हर रूट पर सिर्फ दो बसें ही चलाई जाएंगी। बाद में आवश्यकता के हिसाब से इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए इंटर स्टेट व इंट्रास्टेट बस सेवा शुरू होगी। छह प्रदेशों को भोपाल से जोड़ने के लिए 16 रूट तय किए गए हैं। टेंडर बुलाए गए हैं। अब तक कई बड़ी कंपनियां संपर्क कर चुकी हैं। जनवरी तक बस सेवा शुरू करने का लक्ष्य है। - चंद्रमौली शुक्ला, सीईओ, बीसीएलएल
ये हैं नए रूट
रूट 1- भोपाल- मुंबई (वाया नासिक)
दूरी- 784 किमी, किराया- 1320 रुपए
रूट 2- भोपाल पुणे (वाया शिरडी)
दूरी- 818 किमी, किराया- 1390 रुपए
रूट-3- भोपाल-जयपुर (वाया कोटा)
दूरी- 593 किमी, किराया- 1000 रुपए
रूट 4- भोपाल-अजमेर (वाया उज्जैन, रतलाम, नीमच)
दूरी- 570 किमी, किराया- 1000 रुपए
रूट 5- भोपाल-उदयपुर (वाया निंबाखेड़ा)
दूरी- 496 किमी, किराया- 850 रुपए
रूट 6- भोपाल-राजकोट (वाया इंदौर, अहमदाबाद)
दूरी- 784 किमी, किराया- 1350 रुपए
रूट 7- भोपाल-सूरत (वाया इंदौर, वड़ोदरा)
दूरी- 685 किमी, किराया- 1200 रुपए
रूट 8- भोपाल-लखनऊ (वाया झांसी, कानपुर)
दूरी- 627 किमी, किराया- 1100 रुपए
रूट 9- भोपाल-मथुरा (वाया शिवपुरी, ग्वालियर, आगरा)
दूरी- 604 किमी, किराया- 1000 रुपए
रूट 10- भोपाल- बनारस (वाया सतना, चित्रकूट, इलाहाबाद, मिर्जापुर)
दूरी- 714 किमी, किराया- 1200 रुपए
रूट 11- भोपाल- बनारस (वाया जबलपुर, रीवा, मिर्जापुर)
दूरी- 780 किमी, किराया- 1300 रुपए
रूट 12- भोपाल-सिंगरौली (वाया सागर, रीवा, सीधी)
दूरी- 708 किमी, किराया- 1200 रुपए
रूट 13- भोपाल-बिलासपुर (वाया छिंदवाड़ा, नागपुर, रायपुर)
दूरी- 642 किमी, किराया- 1100 रुपए
रूट 14- भोपाल-रायपुर (वाया छिंदवाड़ा, सिवनी)
दूरी- 639 किमी, किराया- 1100 रुपए
रूट 15- भोपाल-अंबिकापुर (वाया जबलपुर, शहडोल)
दूरी- 756 किमी, किराया- 1200 रुपए
रूट 16- भोपाल-हैदराबाद (वाया नागपुर)
दूरी- 843 किमी, किराया- 1400 रुपए
(नोट- बस ऑपरेटरों के अनुसार दूरी व किराया अनुमानित)