बरेली। नगर पंचायत के अध्यक्ष पद की दावेदारी अब त्रिकोणीय मुकाबले में बदल गई है। भाजपा और कांग्रेस के अलावा तीसरा मोर्चा भी सक्रिय हो गया है। भाजपा से सुषमा पुरोहित और कांग्रेस से सीमा चौधरी का टिकिट तय होने के बाद से कयासों का दौर शुरू हो गया था।
माना जा रहा था कि गुंजन गिरीश पालीवाल को अंतिम समय में कांग्रेस पार्टी से टिकिट मिल सकता है। लेकिन अंतिम दिन तक ऐसा नहीं होने से गिरीश पालीवाल ने निर्दलीय चुनाव में उतरने का फैसला किया। शनिवार को अपने सैंकड़ों समर्थकों के साथ गिरीश पालीवाल ने चुनाव लडऩे का एलान किया। बाजे-गाजे के साथ नगर में जुलूस निकालकर जनसंपर्क किया। इस दौरान जगह-जगह नगरवासियों ने उनका फूल मालाओं से स्वागत किया। पालीवाल के इस दमदार चुनावी आगाज से भाजपा और कांग्रेसी खेमें में खलबली मच गई है। और जनता के बीच कयासों का दौर शुरु हो गया है। माना जा रहा है कि गिरीश पालीवाल दोनों राजनैतिक दलों के प्रत्याशियों पर भारी पड़ सकते हैं। गौरतलब पूर्व जिला पंचायत सदस्य रह चुके गिरीश पालीवाल वर्तमान में दुग्ध संघ संचालक का दायित्व भी निभा रहे हैं।