रतलाम। भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी का कहना है कि केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी तो गरीबों, पिछड़ों, आदिवासियों को उनका हक मिलेगा।
यहां भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दिलीपसिंह भूरिया के पक्ष में चुनावी आमसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने केंद्र सरकार पर करारे प्रहार किए और मध्यप्रदेश तथा छत्तीसगढ़ की राज्य सरकार के कार्यों की जमकर सराहना की।
उन्होंने लोगों से पूछा कि आप बताइये क्यों मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में लोग भाजपा काे दस साल से जिता रहे हैं। इसकी वजह राज्य में विकास योजनाओं का क्रियान्वित किया जाता है। इन राज्यों में गरीबों और पिछड़ों के लिए कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं।
मोदी का कहना था कि 2003 से पहले इन राज्यों का बंटाढार हो रहा था, लेकिन अब हालात उलटे हैं। आपने भाजपा को मौका दिया प्रदेश्ा में और अब केंद्र में यही अवसर दीजिए। मोदी ने कहा कि राजीव गांधी के समय केंद्र से लेकर पंचायत तक में कांग्रेस का शासन था। उनका कहना था कि केंद्र से एक रूपया गांवों तक पहुंचकर 15 पैसे हो जाता है, मैं पूछना चाहता हूं वह कौन सा पंजा है जो रूपए को पंद्रह पैसे कर देता है।
कुक्षी में भी कहा कांग्रेस ने किया देश को बर्बाद
धार, कुक्षी। नरेेंद्र मोदी ने धार लोकसभा क्षेत्र के कुक्षी में भी चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने शासन में देश को बर्बाद कर दिया।
यहां भीषण गर्मी में उनका इंतजार कर लोगों से मोदी ने कहा कि उनकी तपस्या बेकार नहीं जाएगी, देश में भाजपा की सरकार बनेगी और लोगों के सपने पूरे होंगे।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद अब तक जितनी भी बार कांग्रेस की सरकार रही देश का विकास नहीं विनाश ही किया गया। भाजपा की सरकार बनने पर अटलबिहारी वाजपेयी के शासनकाल में किए गए कार्यों को ही आगे बढ़ाया जाएगा।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने मर जवान, मर किसान की हालत पैदा कर दी है, लेकिन हम किसानों के हित में योजनाएं चलाएंगे और उनका विकास करेंगे।
उड़े मोदी, शिवराज ने किया इंतजार
सभा के बाद मोदी तो चले गए , लेकिन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह का हेलिकॉप्टर नहीं आने के कारण उन्हें हेलिपेड पर काफी देर तक इंतजार करना पड़ा, जबकि शिवराज मोदी के साथ ही रतलाम से यहां आए थे।