भोपाल: सेवानिवृत प्रशासनिक अधिकारी अरूण भटनागर को अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार भोपाल में शीघ्र ही पार्टी कार्यालय की स्थापना की जाएगी। हाल ही में प्रदेश अध्यक्ष बने भटनागर का यह प्रयास रहेगा कि प्रदेश में तृणमूल कांग्रेस कुछ महीनों के अंदर ही एक शक्तिशाली पार्टी के रूप में उभर कर सामने आए।
इस प्रयास से पूर्वी भारत के बाहर राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मध्यप्रदेश में तृणमूल के त्वरित विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 1998 में इसकी स्थापना की थी। इसके बाद से पार्टी का निरंतर प्रयास रहा कि वे पश्चिम बंगाल से बाहर भी अपना वजूद बना सके।
टीएमसी ने इससे पहले भी कई राज्यों में अपने उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतारे थे और चुनाव भी जीते थे। पश्चिम बंगाल के अलावा झारखंड और उत्तर पूर्वी भारत में भी तृणमूल का अच्छा खासा प्रभाव माना जाता है।