गणेश सिंह को मंहगा पड़ रहा है अजय सिंह से मुकाबला

भोपाल। कांग्रेस के दिग्गज नेता दिवंगत अर्जुन सिंह के पुत्र एवं मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष के पूर्व नेता विधायक अजय सिंह ‘राहुल’ को पार्टी द्वारा प्रदेश के विन्ध्य अंचल की सतना सीट से इस लोकसभा चुनाव में उतारने की वजह से इस संसदीय सीट पर पूरे देश की निगाहें हैं।
कांग्रेस से छह बार विधायक रह चुके और वर्तमान में सीधी जिले की चुरहट विधानसभा सीट से विधायक अजय सिंह सतना से अपना पहला लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। इस कारण कांग्रेस को उम्मीद है कि 23 वर्ष बाद कांग्रेस फिर वहां से चुनाव जीत सकती है।

इससे पहले 1991 में अजय सिंह के पिता दिवंगत अर्जुन सिंह यहां से कांग्रेस टिकट पर चुनाव जीते थे। इसके बाद यहां से कांग्रेस लगातार चुनाव हारती रही है। लेकिन प्रदेश में तीन में से सबसे पहले चरण में 10 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनाव में पार्टी को उम्मीद है कि अजय सिह भाजपा प्रत्याशी सांसद गणेश सिंह की ‘हैट ट्रिक’ रोकने में सफल होंगे। इसके लिए उन्हें सर्वाधिक भरोसा ब्राह्मण मतदाताओं पर है, जिनकी संख्या जिले में सर्वाधिक है। इस लोकसभा चुनाव में इस सीट पर ब्राह्मणों के अलावा प्रतिनिधित्व नहीं मिलने से वैश्य भी भाजपा से नाराज हैं। इसके बावजूद मोदी और शिवराज लहर से भाजपा को यह सीट एक बार फिर जीतने का पूरा यकीन है।

हालांकि बसपा ने यहां जरूर एक ब्राह्मण उम्मीदवार धर्मेन्द्र तिवारी पर दांव आजमाया है। पिछले लोकसभा चुनाव में यहां दूसरे नंबर पर रही बसपा भी पूरी ताकत के साथ मैदान में है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी अजय सिंह के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर चुके हैं। वहीं भाजपा प्रत्याशी गणेश सिंह के समर्थन में भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी एक अप्रैल को सतना में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। बसपा प्रत्याशी धर्मेन्द्र तिवारी को जिताने के लिए बसपा सुप्रीमो मायावती चुनावी सभा करने वाली हैं।
भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!