भोपाल। मंदसौर संसदीय सीट से टिकट कटने पर राज्यसभा सदस्य व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रघुनंदन शर्मा प्रदेश नेतृत्व के निर्णय से खफा हो गए हैं। पार्टी ने उनकी जगह सुधीर गुप्ता को उम्मीदवार घोषित किया है। शनिवार को भोपाल पहुंचे शर्मा ने कहा, 30-35 साल से क्षेत्र में सक्रिय रहा। घर-घर, गांव-गांव गया और कार्यकर्ताओं-जनता से संपर्क बनाया। पहली बार लोकसभा चुनाव लडऩे की इच्छा जाहिर की, लेकिन टिकट नहीं दिया।
कार्यकर्ता मायूस हैं। मातम मना रहे हैं। साथ ही कहा कि पूर्व में राज्यसभा सीट पर नाम तय करते समय राजनाथ सिंह ने ही बताया था कि प्रदेश नेतृत्व लोकसभा चुनाव में मेरा उपयोग करेगा। इसीलिए कई महीनों से सक्रिय था। शर्मा के साथ-साथ टिकट से वंचित दावेदार भी दबी जुबान में फैसले के खिलाफ हैं, लेकिन खुलकर कुछ नहीं कहना चाहते। ये वो दावेदार हैं जो भोपाल, सागर, खजुराहो और मंदसौर सीट से टिकट की आस लगाकर बैठे थे।
उधर, खजुराहो सीट से सांसद जितेंद्र सिंह बुंदेला का टिकट काटकर पार्टी ने पूर्व मंत्री नागेंद्र सिंह को उम्मीदवार घोषित किया है। बुंदेला का कहना है कि पार्टी नेतृत्व इस सीट से अन्य लोगों पर भी विचार कर रह था। इसीलिए 'डाउट' तो था। लेकिन उम्मीद भी थी। मौका नहीं मिलता तो मन में टीस रहती है। इसीलिए पार्टी को कहा है कि चुनाव ड्यूटी खजुराहो की बजाय किसी दूसरी सीट पर लगाएं।