भोपाल। नईदिल्ली में सुप्रीम कोर्ट परिसर के भीतर सहाराश्री सु्ब्रत राय के मुंह पर काली स्याही फैंकने वाला युवक कोई और नहीं बल्कि ग्वालियर निवासी मनोज शर्मा है।
सुब्रत रॉय सहारा पर सुप्रीम कोर्ट परिसर में काली स्याही फेंकी गई। यह घटना उस समय हुई जब वे पेशी के लिए सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे। जिस व्यक्ति ने सुब्रत रॉय पर स्याही फेंकी है, उसका नाम मनोज शर्मा है और वह ग्वालियर का रहने वाला है। उसने खुद को पेशे से वकील बताया। बताया जाता है कि घटना के बाद मनोज के साथ कुछ लोगों ने मारपीट भी की। पुलिस ने मनोज को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुब्रत रॉय पर स्याही फेंकने वाले मनोज शर्मा ने 2011 में सुरेश कलमाड़ी पर चप्पल फेंकने की कोशिश की थी। इसके अलावा उसने 2007 में एक एसडीएम पर जानलेवा हमला भी किया था। इस मामले में उसे तीन साल की सजा भी हुई थी। सूचनाओं के मुताबिक, मनोज शर्मा ग्वालियर में वकालत करता था। 2007 में वहां उसने एसडीएम आरएन गुप्ता को चाकू दिखाया था, तब उसे सजा हुई थी। अदालत में स्याही फेंकने के बाद उसने नारेबाजी भी की। मनोज ने कहा कि उसने सुब्रत रॉय पर स्याही इसलिए फेंकी क्योंकि वह चोर हैं।