टैक्स फ्री रसोई गैस के लिए इन्दौर में कांग्रेस का प्रदर्शन

0
इंदौर। प्रदेश में रसोई गैस पर लगने वाले वैट और एंट्री टैक्स को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोला है। इसके चलते सोमवार सुबह 9 बजे जहां युवक कांग्रेस के बैनर तले हस्ताक्षर अभियान शुरू हुआ, वहीं शाम को 4 बजे शहर कांग्रेस कमेटी संभागायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन करेगी।

युकां के प्रदेश उपाध्यक्ष पिंटू जोशी और इंदौर लोकसभा अध्यक्ष अमन बजाज के नेतृत्व में शहर और ग्रामीण क्षेत्र में एक साथ 11 जगह अभियान की शुरूआत हुई। जहां हस्ताक्षर अभियान चलाया उसमें राजबाड़ा, छावनी, मूसाखेड़ी, सिंधी कॉलोनी, भागीरथपुरा, मांगलिया, झलारिया, बांगड़दा, देपालपुर, सांवेर आदि शामिल हैं।

युकां प्रदेश उपाध्यक्ष जोशी और लोकसभा अध्यक्ष बजाज ने कहा रसोई गैस पर लगने वाले वैट और एंट्री टैक्स को लेकर तीन दिन तक शहर के उन प्रमुख बाजारों में भी अभियान चलेगा जहां पर महिलाएं खरीदारी करने सबसे ज्यादा आती हैं।

महिलाओं को मप्र को छोड़कर अन्य राज्यों में गैस टंकी के रेट कम होने की जानकारी देकर हस्ताक्षर कराने के साथ जनसमर्थन मांगा जाएगा। नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है, जिनके नेतृत्व में अभियान चलेगा।

छावनी चौराहे पर सन्नी बोयत, मूसाखेड़ी में संतोष यादव, सिंधी कॉलोनी चौराहे पर कान्हा राजगुरू, राजबाड़ा पर रविकांत व्यास व लक्की वर्मा, भागीरथपुरा में शांतनु लहिया, मांगल्या में संदीप शर्मा, झलारिया में नितेश भंडारी, बांगड़दा में सुभाष सुनेर और देपालपुर में राजेश बड़वाया को जिम्मेदारी सौंपी गई।

राजबाड़ा पर हस्ताक्षर अभियान के दौरान विवेक खंडेलवाल, नीलेश पटेल, रोहित जोशी और गिरीश जोशी आदि मौजूद थे। हालांकि युकां का अभियान बस्तियों में भी चलेगा।

देना था धरना और कर रहे प्रदर्शन

रसोई गैस पर लगने वाले वैट और एंट्री टैक्स के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरूण यादव ने 1 से 3 बजे तक धरना देने का फरमान जारी किया था, लेकिन शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी धरने के बजाय प्रदर्शन करने जा रहे हैं। संभागायुक्त संजय दुबे के कार्यालय पर शाम 4 बजे यह प्रदर्शन होगा, जिसमें शहर अध्यक्ष प्रमोद टंडन ही मौजूद नहीं रहेंगे। वजह उनका शहर से बाहर होना है। शहर कांग्रेस कमेटी के अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में प्रदर्शन होगा।

कांग्रेस की दुहाई पर भाजपाइयों की मिठाई

मध्यप्रदेश में गैस की कीमत सर्वाधिक होने पर कांग्रेस ने दुहाई देने के लिए मंच लगाया, तो भाजपाई उन्हें मिठाई खिलाने पहुंच गए। वे आतिशबाजी करके अपने विधायक उषा ठाकुर का जन्मदिन मना रहे थे। दोनों ही पार्टी की नौटंकी काफी देर तक चलती रही।

भाजपा की विधायक उषा ठाकुर का आज जन्मदिन है। इस पर आज भाजपा नेता जगमोहन वर्मा और किशोर मीणा ने अपने समर्थकों के साथ छावनी चौराहे पर ढोलढमाके के साथ आतिशबाजी की। लोगों का मुंह भी मीठा कराया गया। ऎसे में कांग्रेसी कैसे अछूते रहते। भाजपाई मिठाई लेकर उनके पास भी पहुंच गए। युवक कांग्रेस नेता सन्नी बोयत व अमन बजाज दूसरी तरफ मध्यप्रदेश में घरेलू गैस की सबसे ज्यादा कीमत होने के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चला रहे थे।

भाजपाई मिठाई लेकर पहुंचे तो कांग्रेसी नेताओं ने खाने से इनकार कर दिया। काफी मनुहार की गई। कहना था कि तुम्हारा विरोध अलग है यह खुशी अलग है, छोटा दिल क्यों रखते हो, तुम तुम्हारा काम करो। कुछ देर तक भाजपा और कांग्रेस नेताओं में नौटंकी चलती रही। मौके पर भाजपा नेता कोमल दीक्षित व घनश्याम व्यास भी मौजूद थे।
भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

Post a Comment

0 Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!