कांग्रेस बेईमान हो गई है, टैक्स लेती है लेकिन मुआवजा नहीं देती: शिवराज सिंह

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लगातार तीसरी बार है कि सोयाबीन की फसल खराब हो गई है। कहां तक राज्य सरकार मुआवजा बांटे। केंद्र सरकार से बार-बार राहत राशि मांगने के बाद भी वह पैसा नहीं दे रही। कांग्रेस बेईमान हो गई है।

हर कदम पर सौतेला व्यवहार के कारण जहर का घूंट पीना पड़ता है। इसलिए आने वाले लोकसभा चुनाव में केंद्र में भाजपा की सरकार लाने में जुट जाएं। मुख्यमंत्री रविवार को पार्टी दफ्तर में हुई भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद इसके प्रदेश सरकार ने अपने स्तर से 600 करोड़ रुपए की व्यवस्था किसानों के लिए की। फसल बीमा का लाभ भी दिलाएंगे। मुख्यमंत्री ने सभी मोर्चा सदस्यों का आह्वान किया कि वे लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। केंद्र में भाजपा की सरकार लाएं। तभी मप्र का और तेजी से विकास होगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने मोर्चा से कहा कि किसान हितैषी योजनाएं लागू करने के लिए मुख्यमंत्री का सम्मान करने की व्यापक स्तर पर तैयारी की जाए। इसके बाद तय हुआ कि सीएम निवास पर आगामी 18 फरवरी को मुख्यमंत्री का किसानों से सम्मान होगा। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री अरविंद मेनन भी मौजूद रहे।

7 फरवरी को प्रदेश में रेल रोकेगी भाजपा

किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जन ने बैठक में बताया कि डॉ. स्वामीनाथन किसान आयोग और हुड्डा समिति की सिफारिशों को केंद्र सरकार ने ठंडे बस्ते में डाल दिया है। इसे लागू कराने की मांग को लेकर आगामी 7 फरवरी को संभागीय मुख्यालयों पर रेल रोको आंदोलन होगा। किसान कार्यकर्ता गिरफ्तारियां देंगे। गुर्जर ने गन्ना उत्पादक किसानों की ओर से मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भी सौंपा।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!