भोपाल। विधानसभा चुनावों में टिकिट ना मिलने से मुरझाए जिला कांग्रेस अध्यक्ष पीसी शर्मा लोकसभा टिकिट की लिस्ट में नाम आने के बाद फिर से खिल उठे हैं और 25 घंटे के उपवास पर बैठ गए हैं।
औपचारिक रूप से तो इस उपवास के 7 कारण गिनाए गए हैं परंतु अंतर्मन में क्या प्रार्थना हो रही है, यह भी लोग जानते ही हैं।
कांग्रेस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार राज्य सरकार की जन विरोधियों नीतियों के खिलाफ सात सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस ने 25 घंटे का उपवास शुरू किया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष पीसी शर्मा उपवास पर बैठे हैं। प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव और नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे शनिवार को उनका उपवास तुड़वाएंगे।
उपवास में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष रामेश्वर नीखरा, अशोक जैन, विभा पटेल, रवि सक्सेना, गुड्डू चौहान, मनोज शुक्ला सहित कई नेता शामिल हुए। शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में मप्र ही ऐसा राज्य है, जहां सबसे महंगा गैस सिलेंडर मिल रहा है।
- ये हैं कांग्रेस की सात प्रमुख मांगें
- रसोई गैस से टैक्स खत्म,
- व्यापमं घोटाले की सीबीआई से जांच,
- कोलार सहित भोपाल की जनता को नि:शुल्क पानी,
- बिजली की दरें आधी,
- गरीब और विधवाओं की पेंशन एक हजार रुपए,
- गैस पीड़ितों को और मुआवजा देना तथा
- सभी सरकारी अधिकारी-कर्मचारी एवं पेंशन भोगियों को 19 हजार करोड़ के डीए का एरियर तुरंत भुगतान शामिल है।